चार्ट बनने के बाद भी ट्रेन में मिल जाएगी कंफर्म सीट
भारतीय रेलवे यात्रियों की यात्रा में आने वाली बाधा को दूर करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। अब रेलवे ने यात्रियों को नई सुविधा देते हुए रिजर्वेशन चार्ट को ऑनलाइन दिखाना शुरू कर दिया है जिसके तहत कोई भी यात्रि महज एक क्लिक पर किसी भी ट्रेन में रिजर्वेशन की स्थिति को देख सकते हैं और खाली, बुक्ड और आंशिक रूप से बुक्ड बर्थ की जानकारी भी इसके जरिए ले सकते है। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर बताया कि यात्री अब रिजर्वेशन चार्ट बनने के बाद खाली, बुक्ड और आंशिक रूप से बुक्ड बर्थ की जानकारी इसके जरिए ले सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में IRCTC ऐप डाउनलोड करना होगा। इसकी मदद से अब ऑनलाइन सीटों की उपलब्धता देखी जा सकती है। पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन खुलने के 4 घंटे पहले ऑनलाइन देखा जा सकता है, जबकि दूसरे चार्ट को ट्रेन प्रस्थान करने के आधे घंटे पहले देखा जा सकता है। दूसरे चार्ट में सीटों के आवंटन में बदलाव प्रदर्शित होगा। नई सेवा के तहत आप यह जान सकते हें कि स्लीपर या अलग-अलग एसी क्लास में कितनी सीटें खाली हैं। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर टिकट भी बुक करा सकेंगे। अब तक चार्ट बनने के बाद खाली सीटों की जानकारी आम यात्री को नहीं मिल पाती थी। रेलवे के नए नियम से न सिर्फ आपको फायदा होगा, रेलवे को भी राजस्व बढ़ाने में मदद मिलेगी। इसके लिए सबसे पहले आपको IRCTC website पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद आपको चार्ट या वैकेंसी(Vacancy) का ऑप्शन दिखाई देगा। अब आपको यात्री की पूरी डिटेल जैसे ट्रेन नंबर, जर्नी डेट, बोर्डिंग स्टेशन सभी जानकारी देने के बाद आपको Get Train Chart के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आपको चार्ट दिख जाएगा।