दिल्ली की जनता ने भाजपा को नकार दिया : ममता बनर्जी
हावड़ा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी मंगलवार को डूमुरजला से हेलीकॉप्टर से बांकुड़ा के दौरे पर जाने से पूर्व संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को मिली जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आम लोगों की जीत है। चुनाव परिणाम बताते हैं कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। देश के आम लोग ने बता दिया है कि वे भाजपा की किसी भी ‘एक्टिविटी’ को पसंद नहीं करते हैं। लोगों को भोजन चाहिए। उन्हें झूठे वादे नहीं चाहिए। लोग विकास चाहते हैं। लोग सीएए, एनसीआर और एनपीआर नहीं चाहते हैं।
देश की आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है। उद्योग की दशा भी घनिया स्तर पर पहुंच चुकी है। यहां तक कि बैंकों में रखा पैसा भी सुरक्षित नहीं है। बेरोजगारी कई गुना बढ़ गई है। आम लोगों से जुड़े कई अहम मुद्दे हैं जिन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वे लोग केवल लिंचिंग कर रहे हैं। पैसों के बूते राजनीति कर रहे हैं। देश में नफरत के माहौल को बढ़ावा दे रहे हैं। देश की जनता पर झूठ का कचरा फैला रहे हैं। लोगों को आपस में बांट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्थानीय पार्टी की महत्ता पर कहा कि जहां स्थानीय पार्टियां मजबूत हैं, वहां उन्हें जीत मिल रही है और जहां स्थानीय पार्टियां कमजोर हैं, वहां कांग्रेस विजई हो रही है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मिली शानदार जीत पर उन्होंने मुख्यमंत्री केजरीवाल को बधाई दी। कहा, वह बेहद खुश हैं कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। वहां भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली में आप को मिली जीत पर क्या हुआ केजरीवाल से मिलने दिल्ली जाएंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं कुछ नहीं कह सकती। काफी व्यस्तता है, लेकिन मैं बेहद खुश हूं कि दिल्ली में आप को जीत मिली है। संवाददाताओं के सवालों के जवाब में उन्होंने उक्त बातें कहीं।