बिहार-झारखंड सीमा पर मुठभेड़, एक नक्सली ढेर, 6 लोग हिरासत में
चौपारण
हजारीबाग जिले के चौपारण और बिहार बॉर्डर पर कोबरा बटालियन ने नेवरी कर्मा जंगल में नक्सलियों के बीच भीषण मुड़भेड़ में एक नक्सली मारा गया है। जवानों ने घटनास्थल से मारे गए नक्सली का शव और एक इंसास रायफल बरामद कर लिया है। इस दाैरान नक्सलियों की मदद करने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इन लोगों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल बिहार के गया जिले का सीमावर्ती इलाका है। नक्सलियों से मुठभेड़ शेरघाटी- बाराचट्टी-चौपारण सीमा पर घने जंगलों में हुई है। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच शनिवार को दोपहर करीब एक बजे तब मुठभेड़ शुरू हो गई, जब सुरक्षा बल सर्च अभियान के लिए यहां पहुंचे थे। दोनों ओर से सैकड़ों राउंड गोली चली। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। बिहार और झारखंड पुलिस संयुक्त रूप से इस अभियान में शामिल है। इनकाउंटर के बाद मैदान छोड़ कर भागे नक्सलियों के बिहार की सीमा में प्रवेश करने की सूचना है। जंगल क्षेत्र में कोबरा बटालियन के द्धारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गया के वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा के मुताबिक बाराचट्टी और चौपारण के बीच हजारीबाग क्षेत्र में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें एक नक्सली मारा गया है। घटनास्थल पर गया के एएसपी ऑपरेशन अरुण कुमार मौजूद हैं।