पूर्व मेयर सलमान सागर ने हिरासत में मनाया अपने जुड़वा बच्चों का जन्मदिन

पूर्व मेयर सलमान सागर ने हिरासत में मनाया अपने जुड़वा बच्चों का जन्मदिन
Spread the love

श्रीनगर
डल झील का किनारा हो, धीरे धीरे सूरज ढल रहा हो और जन्मदिन का केक कटे। कितना रुमानी है। श्रीनगर के पूर्व मेयर सलमान सागर ने भी अपने जुड़वा बच्चों का चौथा जन्मदिन डल किनारे संतूर होटल के लॉन में ही मनाया। उन्होंने केक तो काटा पर माहौल रुमानी नहीं था। सलमान सागर एहतियातन हिरासत में हैं। नेशनल कांफ्रेंस की युवा इकाई के प्रदेश प्रधान सलमान सागर के पिता अली माेहम्मद सागर पूर्व मंत्री हैं। अली मोहम्मद सागर नेकां के महासचिव भी हैं। सलमान सागर और उनके पिता अली मोहम्मद सागर पांच अगस्त से ही संतूर होटल में बंद हैं। संतूर काे राज्य गृहविभाग ने फिलहाल सबजेल का दर्जा दे रखा है। इसमें करीब विभिन्न राजनीतिक दलों के करीब 44 नेता बंद हैं।
सलमान सागर की पत्नी सायमा सागर अाज अपने दोनों जुड़वा बच्चों अहमद और फातिमा को लेकर दोपहर बाद करीब चार बजे होटल पहुंची। अहमद व फातिमा का जन्मदिन था। सायमा अपने साथ केक और कुछ फल भी लेकर आयी थी। होटल के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सायमा द्वारा कागज पर लिखे गए आवेदन को गौर से पढ़ा। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित किया और अनुमति मिल गई। सायमा अपने बच्चों को लेकर होटल के भीतर दाखिल हो गई। वहां उन्होंने अपने पति सलमान सागर व ससुर अली माेहम्मद सागर की मौजूदगी में अपने बच्चों का जन्मदिन मनाया। पूरा परिवार करीब 40 मिनट तक साथ रहा।
सायमा सागर ने कहा कि मैं एक छोटा सा केक और फल लेकर गई थी। वहां हम पांच लोग ही थे। बच्चों ने केक काटा, कुछ देर तक हम सभी साथ रहे। मेरे पति और ससुर दोनों का स्वास्थ्य बेहतर है। दोनों का मनोबल बहुत ऊंचा है। हम लोगों ने सिर्फ घर परिवार की बातें की। अगर मेरे पति और ससुर हिरासत में नहीं होते तो आज हमारे घर में बीते सालों की तरह ही बच्चों के जन्मदिन पर जश्न होता। होटल में इस तरह के बंद माहौल में जन्मदिन मनाने का मजा कहां। हालांकि हम लॉन में कुछ देर बैठे, लेकिन आप समझ सकते हैं। बच्चों का दिल बहल गया है।
सलमान की बेटी फातिमा ने कहा कि मैंने भाई को केक नहीं काटने दिया। मैने पहले केक काटा। मैंने पापा को केक खिलाया। दादू को भी केक खिलाया। दादू ने वादा किया है वह जल्द आएंगे। मैंने पापा से कहा कि मैं उन्हें अपने साथ घर ले जाती हूं। कोई नहीं राेकेगा। लेकिन उन्होंने कहा कि वह थोड़े दिन बाद आ जाएंगे। यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि संतूर होटल में एहतियातन हिरासत में रखे गए नेताओं को सप्ताह में सिर्फ दो बार ही अपने परिजनों से मुलाकात की अनुमति है।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!