कलराज जयपुर पहुंचे, सोमवार को राज्यपाल पद की शपथ लेंगे
राजस्थान के नव नियुक्त राज्यपाल कलराज मिश्र रविवार को जयपुर पहुंच गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित राज्य सरकार के मंत्रियों ने जयपुर एयरपोर्ट पर कलराज का स्वागत किया। कलराज सोमवार को राजस्थान के राज्यपाल पद की शपथ लेंगे। कलराज मिश्र शाम 5.30 बजे चार्टर प्लेन से परिवार सहित जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इस अवसर राजस्थान पुलिस के जवानों ने नवनियुक्त राज्यपाल का गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुख्यमंत्री गहलोत, उप मुख्यमंत्री पायलट और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कलराज का स्वागत किया। इसके बाद कलराज राजभवन के लिए रवाना हो गए। राज्यपाल का शपथ ग्रहण समारोह 9 सितम्बर दोपहर 1.10 बजे आयोजित होगा। कलराज रविवार को राजभवन के गेस्ट हाउस में रहेंगे। गौरतलब है कि राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह का पांच साल का कार्यकाल दो सितम्बर को पूरा हो गया है। मिश्र वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल है। पिछले सप्ताह उन्हें राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र 2014 से 2019 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में मंत्री थे। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में मिश्र को टिकट नहीं दिया था। केंद्र में दोबारा मोदी सरकार बनने के बाद जुलाई में हिमाचल का राज्यपाल बनाया गया था। कलराज 2010 में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। कलराज 1980 में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे।