भारत 10 बरसों में चांद की सतह पर ठिकाना बनाने में सक्षम होगा: पिल्लई
नई दिल्ली
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पूर्व वैज्ञानिक ए शिवाथानु पिल्लई ने दावा किया है कि भारत 10 बरसों में चांद की सतह पर ठिकाना बनाने में सक्षम होगा। उन्होंने कहा, चांद पर हीलियम-3 के विशाल भंडार को देखते हुए भारत ऐसा कर सकता है। एक कार्यक्रम में पिल्लई ने कहा, अंतरिक्ष कार्यक्रम में हम उन चार देशों में शामिल हैं, जो तकनीक में माहिर हैं। भारत महत्वपूर्ण पदार्थों और हीलियम-3 को धरती पर लाने के लिए चांद पर अपना ठिकाना बना सकता है। हीलियम-3 को भविष्य का ईंधन कहा जाता है। यह गैर विकिरण वाला पदार्थ है, जिसमें यूरेनियम से 100 गुना ज्यादा ऊर्जा पैदा करने की क्षमता है। पिल्लई ने कहा, भारत चांद पर अपने ठिकाने का भविष्य में होने वाली लॉन्चिंग का इस्तेमाल कर सकता है। अभी अमेरिका, रूस और चीन ने चांद पर अपना ठिकाना बनाने में रुचि दिखा चुके हैं। जाहिर है भारत भी इस दिशा में काम करेगा।