रुद्रप्रयाग के दो भाजपाई पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित

रुद्रप्रयाग के दो भाजपाई पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित
Spread the love

देहरादून

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बगावत के दंश से जूझ रही भाजपा ने इस कड़ी में रुद्रप्रयाग जिले के दो कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। दोनों पर जिला पंचायत सदस्य पदों पर पार्टी के समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप है। पंचायत चुनाव में भाजपा की ओर से जिला पंचायत सदस्य पदों पर पार्टी समर्थित उम्मीदवारों का एलान किए जाने के बाद से लगभग सभी जिलों में तमाम कार्यकर्ता नाराज हो गए। इनमें वे कार्यकर्ता शामिल हैं, जो लंबे समय से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे थे, मगर पार्टी ने उन्हें समर्थित उम्मीदवार नहीं बनाया।

पार्टी ने डैमेज कंट्रोल के तहत इन्हें मनाने की कोशिशें कीं, मगर ये परवान नहीं चढ़ पाई। इसे देखते हुए पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने सख्त रुख अपनाते हुए हाल में ही 90 कार्यकर्ताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इस क्रम में अब रुद्रप्रयाग जिले के दो कार्यकर्ताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं प्रांतीय कार्यालय प्रभारी राजेंद्र भंडारी के अनुसार रुद्रप्रयाग के जिन कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया गया है, उनमें ऊखीमठ ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष सुबोध बगवाड़ी और सदस्य आनंद प्रकाश नौटियाल शामिल हैं। भंडारी ने कहा कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है और इसे तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं है।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!