महात्मा गांधी जी के सपनों के भारत का निर्माण करें- मनोज तिवारी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी के नेतृत्व में तिमारपुर विधानसभा के नेहरू विहार की ए, बी, सी, डी, ई ब्लॉक में आज गांधी संकल्प यात्रा निकाली गई। इस दौरान मनोज तिवारी एवं कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बेकार पड़ी प्लास्टिक की सामग्रियों को एक थैली में भरकर कूड़ेदान तक पहुंचाया। यात्रा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के उत्तर पूर्वी जिला की ओर से किया गया। यात्रा से पूर्व उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि गांधी देश के जन-जन में हर व्यक्ति के मन में मौजूद हैं और हम सबका कर्तव्य है कि हम महात्मा गांधी जी के सपनों के भारत का निर्माण करें, एक ऐसे भारत का निर्माण जिसमें रामराज्य की कल्पना साकार हो। महात्मा गांधी ने भय, भूख और भ्रष्टाचार मुक्त जाति पंथ से परे एक ऐसे राष्ट्र के निर्माण की कल्पना की थी जिसमें सर्वसमाज का समान विकास हो और उसी सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर समाज को साथ लेकर संपूर्ण देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है। सारे विश्व में भारत की अपनी पहचान है जो स्वाभिमान और सम्मान से लबरेज है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कई दशक तक देश की बागडोर ऐसे हाथों में रही, जिनका न तो देश के विकास से कोई सरोकार था और न ही सर्वसमाज के विकास की कल्पना। उन्होंने देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं से खेलकर सत्ता की सौदेबाजी की, जिसके चलते देश के हितों पर बार-बार कुठाराघात हुआ। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में एनआरसी लागू करना चाहते हैं, लेकिन केजरीवाल प्रवासियों पर कहर बरपा ने पर आमादा हैं, देशवासियों से नफरत और अवैध घुसपैठियों से प्रेम बापू के सपनों को चकनाचूर करता है और हम अवैध घुसपैठियों को देश से निकालने का संकल्प लेते हैं और दिल्ली भी इसमें शामिल होना चाहिए।